रांची। झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र धरना और अनशन पर बैठे हैं। आंदोलन में शामिल 6 छात्र अभी भी भूख हड़ताल कर रहे हैं।
15 अगस्त से पहले सरकार से बातचीत की मांग
आंदोलनकारी छात्र राधे कुमार ने कहा कि प्रदर्शन को 20 दिन हो चुके हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि दो दिन बाद स्वतंत्रता दिवस है और छात्र भी आजादी का पर्व मनाना चाहते हैं, लेकिन सरकार के रवैये से उन्हें निराशा है।
JSSC-CGL रद्द करने की मांग
छात्रों की प्रमुख मांग JSSC-CGL परीक्षा को रद्द कर पूरे मामले की CBI जांच कराने की है। छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। अब छात्र सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी मांग रखने की कोशिश कर रहे हैं।
आंदोलन के नेता से नहीं मिलने देने का आरोप
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके नेता देवेंद्रनाथ महतो को सरकार ने हिरासत में रखा है। छात्रों का कहना है कि उन्हें महतो से मिलने नहीं दिया जा रहा और उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है।
CM हाउस के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
छात्रों के आंदोलन को देखते हुए कांके रोड पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार रात करीब 11 बजे मुख्यमंत्री आवास के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इसमें जिला पुलिस के साथ जैप-1 और जैप-6 के जवान भी शामिल हैं।
कांके रोड पर जगह-जगह बैरिकेडिंग
मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में जैप-6 में ट्रेनिंग ले रहे करीब 280 जवानों को भी लगाया गया है। सीएम हाउस जाने वाली कांके रोड पर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।









