उत्तर प्रदेश के बागपत में दो दोस्तों की हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार तड़के करीब 3 बजे मंदिर के पीछे से दोनों शव बरामद किए। मामले में मंदिर के महंत पर हत्या का आरोप है। पुलिस के पहुंचने से पहले महंत फरार हो गया, जबकि उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शवों के ऊपर लगवा दी गईं सीमेंटेड टाइल्स
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों दोस्तों की हत्या के बाद शवों को मंदिर के पीछे गड्ढा खोदकर दफनाया गया। आरोपियों ने किसी को शक न हो, इसके लिए गड्ढे के ऊपर सीमेंटेड टाइल्स लगवा दी थीं। करीब 19 दिन बाद पुलिस ने खुदाई कर दोनों शव बरामद किए।
अंकित और इसरार के रूप में हुई पहचान
बरामद शवों की पहचान अंकित (25) और इसरार (32) के रूप में हुई है। शव काफी खराब हालत में मिले। पुलिस ने कपड़े और घड़ी के आधार पर दोनों की पहचान की। बताया गया है कि अंकित दिव्यांग था। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
महंत से अंकित की बहन के संबंध का दावा
जांच में सामने आया है कि अंकित की बहन के महंत से कथित संबंध थे। बताया जा रहा है कि 25 जुलाई को अंकित अपने दोस्त इसरार के साथ महंत को समझाने के लिए मंदिर पहुंचा था। वहां विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इसी दौरान दोनों दोस्तों की हत्या कर दी गई।
दो शिष्यों ने बताई घटना की जानकारी
पुलिस के अनुसार, महंत के दो शिष्यों ने पूछताछ के दौरान घटना से जुड़ी जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर मंदिर परिसर में खुदाई कर दोनों शव बरामद किए गए। पुलिस फरार महंत की तलाश कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह की जांच की जा रही है।









