- राइड कैंसिल करने के बाद 22 बार कॉल करने का आरोप
- गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायत
- हेमंत मिश्रा ने गोरखनाथ थाने में दी तहरीर
गोरखपुर। राइड कैंसिल करने के बाद एक युवक को कथित तौर पर धमकी देने का मामला सामने आया है। वाराणसी निवासी हेमंत मिश्रा का आरोप है कि रैपिडो की राइड कैंसिल करने के बाद राइडर ने उन्हें करीब 22 बार कॉल किया। इस दौरान गाली-गलौज करने और ‘राइड कैंसिल क्यों की, आपको काटकर फेंक दूंगा’ जैसी धमकी देने का आरोप है। हेमंत ने गोरखनाथ थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के मोबाइल से कथित तौर पर धमकी देने वाले नंबर की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
बुकिंग के बाद कैंसिल की राइड
हेमंत मिश्रा के मुताबिक, वह इस्कॉन मंदिर से जुड़े हैं और धार्मिक गतिविधियों के सिलसिले में देशभर में यात्रा करते हैं। गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा की जानकारी मिलने के बाद वह रविवार शाम गोरखपुर पहुंचे थे। सोमवार सुबह कथा सुनने के बाद रामगढ़ताल जाने के लिए उन्होंने रैपिडो से राइड बुक की।
उनका कहना है कि बुकिंग में ड्राइवर का नाम देखकर उन्होंने करीब एक मिनट बाद राइड कैंसिल कर दी। इसके बाद कथित तौर पर राइडर के फोन आने शुरू हुए।
22 बार कॉल करने का आरोप
हेमंत का आरोप है कि राइड कैंसिल करने के बाद राइडर ने उन्हें लगातार कॉल किए। उन्होंने करीब 22 बार फोन किए जाने की बात कही है। आरोप है कि कॉल के दौरान गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
हेमंत ने घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की। इसके बाद गोरखपुर पुलिस की ओर से उनसे संपर्क कर मोबाइल नंबर मांगा गया। नंबर उपलब्ध कराने के बाद एसएसपी ने भी उनसे घटना की जानकारी ली।
गोरखनाथ थाने में दी शिकायत
एसएसपी के निर्देश के बाद हेमंत ने गोरखनाथ थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने कथित तौर पर धमकी देने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर को जांच के लिए लिया है। अब कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/yogi-toti-tanj-akhilesh-appointment-letters/
राइडर का पक्ष सामने नहीं आया
फिलहाल इस मामले में संबंधित राइडर या रैपिडो की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही धमकी और कॉल से जुड़े आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।









