लखनऊ यूनिवर्सिटी में बवाल: पानी-एसी और फीस बढ़ोतरी पर छात्रों का प्रदर्शन

छात्र संगठनों का वीसी ऑफिस घेराव, पुलिस-प्रशासन से तीखी नोकझोंक

लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा, जब बुनियादी सुविधाओं की कमी और फीस बढ़ोतरी के विरोध में बड़ा प्रदर्शन हुआ। Lucknow University में छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे एबीवीपी से जुड़े छात्रों ने सबसे पहले प्रदर्शन शुरू किया। उनका आरोप था कि विश्वविद्यालय में पीने का पानी खराब है और उसका टीडीएस स्तर खतरनाक सीमा तक पहुंच गया है। इसके अलावा एसी, वाटर कूलर और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे छात्रों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब छात्रों ने वीसी ऑफिस की ओर जाने वाला रास्ता बंद मिलने पर नाराजगी जताई और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की।

इस दौरान पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। करीब 2 बजे समाजवादी छात्र सभा से जुड़े छात्रों ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर फीस बढ़ोतरी और अन्य समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। छात्रों का कहना है कि हाल के दिनों में फीस में 50% तक की बढ़ोतरी की गई है, जो आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कुलपति के रवैये को “जनरल डायर जैसा” बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button