- मथुरा कोर्ट ने दोनों को हत्या का दोषी मानते हुए सुनाई सजा
- पिता बोले- बेटी की हत्या मैंने की, पत्नी का दोष नहीं
- लव मैरिज से नाराज पिता ने बेटी की गोली मारकर हत्या की थी
मथुरा। चर्चित आयुषी यादव हत्याकांड में मथुरा कोर्ट ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए उसके माता-पिता को उम्रकैद की सजा सुनाई। करीब चार साल पुराने मामले में अदालत ने नितेश यादव और उनकी पत्नी ब्रजवाला को हत्या का दोषी माना।
फैसले के दौरान आयुषी के पिता ने अपनी सफाई में कहा कि बेटी की हत्या उन्होंने की थी और उनकी पत्नी का इसमें कोई दोष नहीं है। इसके बाद वह चुप हो गए। वहीं, आयुषी की मां सिर झुकाए खड़ी रहीं।
कोर्ट ने कहा- अपराध बेहद क्रूर
जज ने फैसला सुनाते हुए कहा कि बेटी की हत्या का अपराध अत्यंत क्रूर और वीभत्स है। ऐसे मामले में दोषियों के प्रति नरम रुख अपनाने का कोई आधार नहीं है। अदालत ने कहा कि यदि ऐसे अपराध में उचित दंड नहीं दिया गया तो समाज में गलत संदेश जाएगा।
लव मैरिज से नाराज थे माता-पिता
मामले के अनुसार, 22 वर्षीय आयुषी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। करीब चार साल पहले उसने राजस्थान के एक युवक से कथित तौर पर परिवार की इच्छा के खिलाफ प्रेम विवाह किया था।
आरोप है कि इससे नाराज पिता नितेश यादव ने दिल्ली स्थित घर में रिवॉल्वर से गोली मारकर आयुषी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को लाल रंग के सूटकेस में रखकर करीब 150 किलोमीटर दूर मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया गया था।
मां पर भी साथ देने का आरोप
अभियोजन के मुताबिक, हत्या और शव ठिकाने लगाने में आयुषी की मां ब्रजवाला ने भी नितेश यादव का साथ दिया था। शव बरामद होने के बाद मथुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने ब्रजवाला और आयुषी के भाई आयुष को मथुरा बुलाया था, जहां दोनों ने शव की पहचान की। बाद में पुलिस ने आयुषी के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया था।









