अंबेडकरनगर। रक्षाबंधन पर्व को लेकर भारतीय डाक विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। विदेश और दूसरे राज्यों में रहने वाले भाइयों तक राखी समय पर पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। पर्व से पहले पड़ने वाले रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी डाकघर खुले रखने की तैयारी है।
प्रधान डाकघर में बना विशेष काउंटर
रक्षाबंधन को देखते हुए प्रधान डाकघर में विशेष काउंटर बनाया गया है। यहां से राखी भेजने की सुविधा उपलब्ध होगी। मानसून के दौरान बारिश और नमी से राखी को सुरक्षित रखने के लिए वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध कराए गए हैं।
इन लिफाफों की कीमत 10 रुपये निर्धारित की गई है। डाक विभाग ने जिले के लिए करीब चार हजार वाटरप्रूफ लिफाफों का स्टॉक तैयार किया है।
32 उप डाकघरों तक पहुंचाए गए लिफाफे
वाटरप्रूफ लिफाफे प्रधान डाकघर के अलावा जिले के 32 उप डाकघरों में भी उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें जलालपुर, जाफरगंज, मालीपुर, बसखारी, टांडा, बरियावन, विद्युतनगर महरुआ, भोटी, कटेहरी और औरंगनगर समेत अन्य डाकघर शामिल हैं।
डाक विभाग के अनुसार, लिफाफे में राखी के साथ मिठाई, कुमकुम और पूजा सामग्री भी भेजी जा सकती है। इसके लिए निर्धारित डाक नियमों के अनुसार पैकेट तैयार करना होगा।
दिल्ली-मुंबई में 24 घंटे में पहुंचाने का लक्ष्य
डाक विभाग अधिकारियों के अनुसार, स्पीड पोस्ट के जरिए दिल्ली और मुंबई में राखी करीब 24 घंटे में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। विदेश भेजी जाने वाली राखियों के लिए तीन से छह दिन में डिलीवरी का लक्ष्य है।









