लखनऊ। उम्र के बढ़ते पड़ाव में भी उत्साह और उमंग को बनाए रखने का संदेश शुक्रवार को गोमती नगर स्थित ऋषिता मैनहट्टन सोसाइटी के मैनहट्टन क्लब में देखने को मिला। यहां गोमती सीनियर सिटिजन्स क्लब (GSCC) की ओर से विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। Venews के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
योग से खेल तक दिखा उत्साह
कार्यक्रम की शुरुआत योग सत्र से हुई। इसके बाद वरिष्ठ नागरिकों ने डांस, माइंड गेम्स, बॉडी गेम्स और अन्य मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया। सदस्यों ने गीत प्रस्तुत किए और अपनी लिखी कविताएं भी सुनाईं। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
उपलब्धियों के लिए सम्मान
कार्यक्रम के दौरान GSCC के संस्थापक एवं अध्यक्ष आर. के. सिंह ने वरिष्ठ सदस्यों को उनके जीवन में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और समाज में योगदान के लिए सम्मानित किया।
समाज निर्माण में योगदान को सराहा
नाबार्ड के पूर्व महाप्रबंधक अनूप कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के संघर्षपूर्ण जीवन और समाज के निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और सक्रियता के महत्व को भी सामने रखा।









