अम्बेडकरनगर। जिले में खरीफ सीजन के बीच खाद को लेकर किसानों के लिए राहत की खबर है। कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त तक यूरिया की उपलब्धता निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही है। वितरण के बाद भी सहकारिता और निजी क्षेत्र में हजारों मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है।
जिला कृषि अधिकारी अरविन्द चौधरी ने बताया कि अगस्त तक यूरिया का लक्ष्य 44,171 मीट्रिक टन था। इसके सापेक्ष 49,289 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हुई। यानी निर्धारित लक्ष्य से अधिक यूरिया की उपलब्धता रही।
डीएपी का लक्ष्य भी पार, एनपीके-एसएसपी का भी पर्याप्त स्टॉक
विभाग के अनुसार डीएपी का लक्ष्य 5,491 मीट्रिक टन था, जबकि उपलब्धता 9,843 मीट्रिक टन रही। एनपीके के 1,336 मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 4,208 मीट्रिक टन उपलब्ध हुआ।
एसएसपी की उपलब्धता 23,729 मीट्रिक टन रही, जबकि इसका लक्ष्य 13,666 मीट्रिक टन था। एमओपी का लक्ष्य 589 मीट्रिक टन था और उपलब्धता 178 मीट्रिक टन रही।
वितरण के बाद कितना स्टॉक बचा
उर्वरक वर्तमान उपलब्धता
यूरिया 10,909 मीट्रिक टन
डीएपी 4,796 मीट्रिक टन
एनपीके 3,379 मीट्रिक टन
एसएसपी 7,138 मीट्रिक टन
एमओपी 112 मीट्रिक टन
ये आंकड़े सहकारिता और निजी क्षेत्र में वितरण के बाद संयुक्त उपलब्धता के हैं।









