अंबेडकरनगर। जनता दर्शन में मिली शिकायत के बाद अकबरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता 17 वर्षीय किशोर को करीब तीन घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। किशोर को अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे एनटीपीसी जाने वाली रेलवे लाइन के पास से बरामद किया गया। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
21 अगस्त को मिली थी शिकायत
कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने 21 अगस्त को जनता दर्शन के दौरान अपने 17 वर्षीय पुत्र अमन गुप्ता को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था।
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने किशोर की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, करीब तीन घंटे के भीतर उसे अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे एनटीपीसी जाने वाली रेलवे लाइन के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित
किशोर की सकुशल बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना की। उन्होंने उपनिरीक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह और आरक्षी सोनू सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोर को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।









