बंटवारे की जमीन पर रात में फिर निर्माण की कोशिश, पुलिस ने रुकवाया काम

हथिना राज गायघाट में भूमि विवाद ने पकड़ा तूल, पीड़ित ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी का लगाया आरोप

आलापुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के हथिना राज गायघाट में बंटवारे की जमीन को लेकर विवाद फिर सामने आया है। पीड़ित ओमप्रकाश तिवारी का आरोप है कि न्यायालय के आदेश से बंटवारा होने और उनके हिस्से की जमीन चिन्हित किए जाने के बावजूद रात में वहां दोबारा निर्माण कराया जा रहा था। विरोध करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले तक संबंधित जमीन खाली थी। इसके बाद वहां पिलर खड़े कर दीवार का निर्माण कर दिया गया। उनका कहना है कि इससे पहले भी निर्माण की कोशिश हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तब काम रुकवा दिया था।

रात 11 बजे फिर शुरू हुआ निर्माण

पीड़ित पक्ष के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे विवादित भूखंड पर फिर निर्माण शुरू होने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला के निर्देश पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।

पुलिस के पहुंचने पर मौके पर मौजूद कुछ पुरुष वहां से चले गए। कुछ महिलाओं के पुलिस से बहस करने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौके पर हुई पूरी स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ‍़े :https://www.tamsasanket.com/jalalpur-bjp-workers-welcome-avadhesh-dwivedi/

न्यायालय के आदेश से बंटवारे का दावा

ओमप्रकाश तिवारी का कहना है कि संबंधित भूमि का न्यायालय के आदेश से बंटवारा हो चुका है। उनके हिस्से की जमीन भी मौके पर चिन्हित की गई थी। उनका आरोप है कि इसके बावजूद वहां निर्माण कराया जा रहा है।

पीड़ित ने अधिकारियों से जमीन की मौके पर जांच कराने और न्यायालय के आदेश के अनुसार स्थिति स्पष्ट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि राजस्व विभाग मौके पर सीमांकन की स्थिति की जांच करे, ताकि विवाद का निस्तारण हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button