यूपी में 60+ महिलाओं के लिए मुफ्त रोडवेज यात्रा शुरू

सीएम योगी ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ की शुरुआत की, महिलाओं को बांटे स्मार्ट कार्ड

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 60 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाएं अब रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

महिलाओं से की बातचीत

कार्यक्रम में प्रदेशभर से आईं बुजुर्ग महिलाओं से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्नाव से पहुंची नीता अवस्थी योजना का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि अब परिवार के लोग पैसे दें या न दें, उन्हें मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी।

गाजीपुर की रहने वाली लायका खातून ने भी योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब वह लखनऊ से अपने गांव मुफ्त में जा सकेंगी।

तीन दिन हर बेटी-मां के लिए फ्री यात्रा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 27, 28 और 29 अगस्त को हर बेटी और हर मां अपने एक साथी के साथ रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेगी। इसके बाद 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा का लाभ मिलता रहेगा।

अक्टूबर-नवंबर में 50 हजार बेटियों को स्कूटी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए एक और घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार अक्टूबर-नवंबर में 50 हजार बेटियों को स्कूटी देने का काम करेगी।

महिलाओं को दिए स्मार्ट कार्ड और उपहार

सीएम योगी ने बुजुर्ग महिलाओं को योजना के स्मार्ट कार्ड भी वितरित किए। महिलाओं को बैग भी दिए गए, जिनमें साड़ी और मिठाई रखी गई थी। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।

बस में चढ़कर ली सेल्फी

बसों को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री योगी खुद एक बस में चढ़ गए। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को दूर किया और अपने मोबाइल से महिलाओं के साथ सेल्फी ली। इस दौरान वह महिलाओं से कैमरे की तरफ देखने के लिए कहते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button