अगस्त 2026 में देश का सकल वस्तु एवं सेवा कर (GST) कलेक्शन सालाना आधार पर 14.8 प्रतिशत बढ़कर करीब 2 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। मंगलवार, 1 सितंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक अगस्त 2025 में कुल GST कलेक्शन 1.74 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह एक साल में GST राजस्व में करीब 26 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
आयात से GST कलेक्शन 29% बढ़ा
अगस्त में GST कलेक्शन बढ़ने की सबसे बड़ी वजह विदेश से आने वाले सामान पर मिलने वाले टैक्स में हुई बढ़ोतरी रही। आयात से प्राप्त GST राजस्व सालाना आधार पर 29 प्रतिशत बढ़कर 62,604 करोड़ रुपये हो गया।
वहीं, देश के भीतर होने वाली खरीदारी और व्यापार से मिलने वाला GST कलेक्शन भी बढ़ा। घरेलू लेनदेन से GST राजस्व 9.3 प्रतिशत बढ़कर 1.37 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।
जुलाई के मुकाबले अगस्त में कम रहा कलेक्शन
हालांकि महीने-दर-महीने के आधार पर अगस्त में GST कलेक्शन में कमी दर्ज की गई। जुलाई 2026 में देश का GST कलेक्शन 2.11 लाख करोड़ रुपये था, जबकि अगस्त में यह करीब 2 लाख करोड़ रुपये रहा। यानी जुलाई की तुलना में अगस्त में लगभग 11,147 करोड़ रुपये कम GST जमा हुआ।
GST कलेक्शन से दिखती है अर्थव्यवस्था की स्थिति
GST कलेक्शन को देश में आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख संकेतकों में से एक माना जाता है। टैक्स कलेक्शन बढ़ने से बाजार में खरीदारी, कारोबार और उत्पादन जैसी गतिविधियों में तेजी का संकेत मिलता है। घरेलू लेनदेन से GST राजस्व में बढ़ोतरी यह भी दर्शाती है कि देश के भीतर आर्थिक गतिविधियां जारी हैं।









