चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का मोर्चा, 8 अक्तूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ पखवाड़ा’

अंबेडकरनगर में प्रेसवार्ता कर सांसद लालजी वर्मा ने आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, मतदाता सूची से हटाए नाम बहाल करने की मांग

अंबेडकरनगर। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर समाजवादी पार्टी ने आंदोलन तेज करने का एलान किया है। बुधवार को सपा कार्यालय में प्रेसवार्ता कर राष्ट्रीय महासचिव व सांसद लालजी वर्मा ने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने 2 से 8 अक्तूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ पखवाड़ा’ मनाने की घोषणा की।

लालजी वर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। सपा नेता ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों को तत्काल बहाल करने की मांग भी उठाई।

13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप

लालजी वर्मा ने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली के चलते देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। उन्होंने इन नामों को तत्काल बहाल करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार तीनों चुनाव आयुक्तों को बराबर अधिकार प्राप्त हैं। इसके बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा मनमाने तरीके से निर्णय लिए जाने का आरोप लगाया।

राष्ट्रपति से करेंगे बर्खास्तगी की मांग

सपा नेता ने कहा कि पार्टी और इंडिया गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग की जाएगी। इसके लिए आंदोलन को जिला स्तर से आगे बढ़ाने की तैयारी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-gandhi-shastri-jayanti/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button