गोंडा। कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह के परिवार के लिए गुरुवार का दिन खेल जगत से बड़ी खुशखबरी लेकर आया। नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 11वें इंडिया ओपन कॉम्पटीशन में सांसद के बेटे, बेटी और भांजे ने निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। ट्रैप शूटिंग की सब यूथ श्रेणी में तीनों ने अपनी जगह बनाते हुए आगामी नेशनल कॉम्पटीशन के लिए क्वालीफाई किया है।
बेटी कामाक्षी ने जीता कांस्य पदक
प्रतियोगिता में सांसद करण भूषण सिंह की बड़ी बेटी कामाक्षी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। सटीक निशाने के साथ कामाक्षी ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कामाक्षी की इस उपलब्धि के बाद गोंडा और कैसरगंज क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय समर्थकों और खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया और परिवार को बधाई दी।
बेटे और भांजे ने भी पक्का किया नेशनल का टिकट
ट्रैप शूटिंग की सब यूथ श्रेणी में करण भूषण सिंह के बेटे अमर्थय भूषण सिंह और भांजे अथर्व सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
एक ही प्रतियोगिता में परिवार के तीन युवा निशानेबाजों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लिए भी खास उपलब्धि मानी जा रही है।
सांसद ने कहा- मेहनत और अनुशासन का नतीजा
तीनों की उपलब्धि पर सांसद करण भूषण सिंह ने खुशी जताई। उन्होंने इसे परिवार और पूरे जनपद के लिए गर्व का क्षण बताया। सांसद ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति निरंतर समर्पण ही खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाता है।
उन्होंने विशेष रूप से बेटी कामाक्षी को कांस्य पदक जीतने पर बधाई और आशीर्वाद दिया। साथ ही तीनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने की उम्मीद
करण भूषण सिंह ने उम्मीद जताई कि तीनों युवा निशानेबाज आने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी अपने सटीक निशानों से नए कीर्तिमान स्थापित करें और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करें।









