अंबेडकरनगर। आलापुर थाना पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज दो मुकदमों में गैर-जमानती वारंट के आधार पर हिस्ट्रीशीटर शाहिद मुनीर सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय शाहिद मुनीर सिद्दीकी आलापुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर मुसलमान गांव का निवासी है। उसके खिलाफ विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट की अदालत से दो अलग-अलग मामलों में गैर-जमानती वारंट जारी हुए थे। पुलिस ने वारंट के अनुपालन में उसे गिरफ्तार किया।
2014 और 2022 में दर्ज हुए थे मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2014 में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी शामिल थीं।
वहीं, वर्ष 2022 में दर्ज दूसरे मुकदमे में जहरखुरानी से संबंधित धारा 328, महिला के विरुद्ध अपराध से संबंधित धारा 354ख और एससी-एसटी एक्ट के तहत आरोप शामिल हैं।









