लखनऊ में मारपीट के दो मामले, सिर पर गंभीर चोट

पीजीआई थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप, पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे

लखनऊ। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के दो मामले सामने आए हैं। पहली घटना में कैफे में चाय पीने गए युवक के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। वहीं, दूसरी घटना में घर के बाहर बैठे दो भाइयों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैफे में चाय पीने गए युवक से मारपीट

मोहनलालगंज के जबरौली निवासी विष्णु तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे वह आवास विकास कार्यालय के पास स्थित कैफे द कुल्हड़ में चाय पीने गया था। आरोप है कि इसी दौरान एल्डिको उद्यान निवासी रवि बाबा और मवईया निवासी विशाल वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

शिकायत के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने फोन करके कुछ अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद सभी ने विष्णु के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए सफेद स्कॉर्पियो से फरार हो गए।

घर के बाहर बैठे दो भाइयों पर हमला

दूसरी घटना में कल्ली पश्चिम निवासी आदित्य गौतम ने शिकायत दर्ज कराई है। आदित्य के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे वह अपने भाई आयुष के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान राकेश अपने बेटों विनोद, नीरज, रोहित और मोहित समेत अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि सभी ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे, जांच जारी

पीजीआई पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button