हैदराबाद। हैदराबाद के नादेरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार रात डांडिया कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम के लिए लगाया गया लाइटिंग और सजावट वाला आर्च गिरने से एक इंजीनियरिंग छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेज हवा के बीच गिरा लाइटिंग वाला आर्च
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात कॉलेज परिसर में डांडिया कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान तेज हवाएं चलने लगीं और लाइटिंग व सजावट के लिए लगाया गया ढांचा अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से कार्यक्रम में मौजूद लोग घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों में वनापर्थी की रहने वाली सोनी की पहचान हुई है।
सोनी की बहन की हालत गंभीर
हादसे में सोनी की बहन भी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को इलाज के लिए एलबी नगर स्थित कामिनेनी अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद घायलों के परिजनों में चिंता का माहौल है।
परिजनों ने सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल
मृतका के चाचा सुरेश ने बताया कि उन्हें शाम करीब सात बजे फोन आया था। उनके मुताबिक, कॉलेज में डांडिया कार्यक्रम के दौरान तेज हवा चल रही थी, तभी लाइटिंग और सजावट के लिए लगाया गया खंभा गिर गया। सुरेश ने कहा कि उनके दोस्त अशोक ने फोन कर बताया कि खंभा उनकी बेटी के सिर पर गिरा है।
सुरेश के अनुसार, जब वह अस्पताल पहुंचे और स्टाफ से जानकारी ली, तो उन्हें बताया गया कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही सोनी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने लोगों से पूछताछ के बाद सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही होने का आरोप लगाया। हालांकि, हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों में किसी चूक की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









