लखनऊ। राजधानी में दशहरे से पहले एक बार फिर होर्डिंग को लेकर सियासत गरमा गई है। रविवार सुबह शहर के कई इलाकों में ऐसे होर्डिंग लगाए गए, जिनमें रावण के 10 सिरों पर नेताओं और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों की तस्वीरें दिखाई गई हैं। होर्डिंग के शीर्ष पर “सनातन भारत के विरोधी रावण” लिखा है। इन्हें सनातन रक्षा संगठन की ओर से लगवाया गया है।
अखिलेश, राहुल और मुख्तार-अतीक की तस्वीरें
होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आजम खान, मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद की तस्वीरें लगाई गई हैं। इनके अलावा एलन मस्क, मोहम्मद यूनुस, इल्हान उमर और जॉर्ज सोरोस की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं। इस तरह रावण के दस सिरों को इन लोगों की तस्वीरों के रूप में प्रदर्शित किया गया है।
हजरतगंज से गोमतीनगर तक लगाए गए होर्डिंग
ये होर्डिंग हजरतगंज, विधायक निवास, गोमतीनगर और कपूरथला समेत राजधानी के कई पॉश और वीआईपी इलाकों में लगाए गए हैं। रास्ते से गुजरने वाले लोग रुककर इन्हें देख रहे हैं। दशहरे से पहले लगाए गए इन होर्डिंग के जरिए संगठन ने राजनीतिक नेताओं और अन्य हस्तियों पर निशाना साधा है।
संगठन ने बताई होर्डिंग लगाने की वजह
सनातन रक्षा संगठन की ओर से कहा गया है कि होर्डिंग में उन्हीं लोगों को दर्शाया गया है, जिन्हें संगठन सनातन विरोधी मानता है। संगठन का आरोप है कि इनमें ऐसे लोग शामिल हैं, जो उसकी नजर में जिहादी ताकतों और विचारधारा को बढ़ावा देते हैं। संगठन ने यह भी दावा किया कि इन लोगों ने सत्ता में रहते हुए सनातन धर्म के हितों और समर्थन में काम नहीं किया तथा बाबरी मस्जिद समेत विभिन्न मुद्दों पर सनातन का अपमान किया।
संगठन का कहना है कि होर्डिंग लगाने का उद्देश्य लोगों को इन हस्तियों के बारे में जागरूक करना है, ताकि सनातन धर्म को मानने वाले लोग उनके बहकावे में न आएं। हालांकि, होर्डिंग में शामिल लोगों को लेकर संगठन की ओर से लगाए गए आरोप उसके अपने दावे हैं।









