सगाई से पहले युवती ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

निवाड़ी में 12 अक्टूबर को बिगड़ी थी तबीयत, झांसी मेडिकल कॉलेज में 17 अक्टूबर को तोड़ा दम; मंगेतर बोला- सारे सपने खत्म हो गए

झांसी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में सगाई से पहले एक युवती की जहर खाने से मौत हो गई। युवती ने 12 अक्टूबर को जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 17 अक्टूबर को उसने दम तोड़ दिया। युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया। शव देखकर उसका मंगेतर फूट-फूटकर रोने लगा।

नवरात्र में होना था सगाई का कार्यक्रम

जानकारी के मुताबिक, युवती की शादी उसकी फुफेरी बहन के देवर से तय हुई थी। नवरात्र की नवमी पर दोनों की सगाई का कार्यक्रम रखा गया था। परिवार में समारोह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां पांच दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।

मंगेतर बोला- जिंदगी के कई सपने संजोए थे

युवती की मौत के बाद उसके मंगेतर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगा। उसने कहा कि उसने साथ जिंदगी बिताने के कई सपने संजोए थे, लेकिन अब सब खत्म हो गया। युवती के परिजन फिलहाल यह नहीं बता सके हैं कि उसने जहर क्यों खाया था।

पुलिस ने शुरू की जांच

यह मामला झांसी से करीब 45 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के ज्योरौन थाना क्षेत्र का बताया गया है। पुलिस ने युवती की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जहरीला पदार्थ खाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button