लखनऊ में वेंडिंग जोन निर्माण पर बवाल, लोगों का विरोध तेज

आशियाना एलडीए कॉलोनी में गौतम बुद्ध पार्क के पास फुटपाथ पर पक्के निर्माण के खिलाफ स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आशियाना स्थित एलडीए कॉलोनी में गौतम बुद्ध पार्क की बाउंड्री के किनारे फुटपाथ पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर निगम द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से पक्का निर्माण कराए जाने के विरोध में रविवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पहले विरोध के बाद इस निर्माण कार्य को रोक दिया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद इसे फिर से शुरू कर दिया गया। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 60 से अधिक दुकानों के लिए मॉडल वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है, जिसमें सीमेंट, सरिया और पक्के पिलर व बीम का उपयोग किया जा रहा है।

लोगों का कहना है कि इसे अस्थायी निर्माण बताया जा रहा है, जबकि मौके पर मजबूत पक्का ढांचा तैयार किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि इस निर्माण पर रोक लगाकर बुलडोजर चलाया जाए।

इस मामले में स्थानीय लोगों के विरोध के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने लगभग 12 दिन पहले नगर निगम को पत्र लिखकर निर्माण रोकने को कहा था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि फुटपाथ पर स्थायी वेंडिंग जोन बनने से आम रास्ता बंद हो जाएगा, जिससे अस्पताल और स्कूल जाने वाले रास्तों पर भी असर पड़ेगा और इलाके में गंभीर ट्रैफिक समस्या उत्पन्न होगी।

वहीं, स्थानीय पार्षद ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button