
अंबेडकरनगर। जिले में इन दिनों तेज गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ रहा है। कई बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे मौसम में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है।
हीट स्ट्रोक का बढ़ता खतरा
सत्य साईं हॉस्पिटल के संचालक व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशुतोष शुक्ला ने बताया कि बढ़ते तापमान के साथ शरीर की तापमान नियंत्रित करने की क्षमता प्रभावित होने लगती है। इस स्थिति में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। धूप में लंबे समय तक रहने पर चक्कर आना, थकान, कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
किडनी पर पड़ सकता है असर
डॉ. शुक्ला के अनुसार, तेज गर्मी और लू के कारण शरीर में पानी की कमी तेजी से होती है। लगातार डिहाइड्रेशन की स्थिति बनने पर किडनी पर असर पड़ता है। शरीर के महत्वपूर्ण अंगों तक रक्त संचार प्रभावित हो सकता है। लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने पर किडनी से जुड़ी समस्याएं, पथरी और मूत्र संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कुछ मामलों में किडनी फेलियर तक की स्थिति बन सकती है।
इन लोगों को अधिक सावधानी जरूरी
दिन के समय बाहर काम करने वाले लोगों में खतरा ज्यादा है। निर्माण कार्य में लगे मजदूर, डिलीवरी कर्मी, ट्रैफिक पुलिसकर्मी, किसान और सफाई कर्मी लंबे समय तक धूप में रहते हैं। इससे शरीर पर लगातार दबाव बना रहता है और डिहाइड्रेशन की संभावना बढ़ती है।









