लखनऊ। महानवमी के अवसर पर बख्शी का तालाब क्षेत्र स्थित मां चंद्रिका देवी धाम में हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। दर्शन के लिए चार लंबी कतारें बनाई गई हैं, जिनमें लगकर श्रद्धालु मां के दर्शन कर रहे हैं।
गर्मी से राहत के लिए सेवादार कर रहे पंखा
मंदिर में दर्शन के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए सेवादार हाथ से पंखा कर रहे हैं। भीड़ के बीच भक्तों को सुविधा देने के लिए व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में अखंड यज्ञ भी चल रहा है, जिसमें धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।
मेडिकल कैंप में जांच और दवाओं की सुविधा
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में मेडिकल कैंप लगाया गया है। किसी भक्त की तबीयत खराब होने या अन्य स्वास्थ्य समस्या होने पर वह कैंप में जाकर जांच करा सकता है। यहां कुछ जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
गोमती नदी के पास तैनात है बाढ़ राहत दल
मंदिर के पीछे गोमती नदी के पास बाढ़ राहत दल की तैनाती की गई है। महानवमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां रखी गई हैं।









