मेरठ में युवक ने फंदा लगाकर दी जान

बहन को WhatsApp पर भेजा था आखिरी मैसेज

मेरठ। मेरठ में गुरुवार सुबह एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। आत्महत्या से पहले युवक ने अपनी बहन को व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर जान देने की बात कही थी। बहन ने सुबह मैसेज देखा, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान शुभम श्रीवास्तव पुत्र मनोज श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के श्रद्धापुरी फेस-2 का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक, शुभम ने करीब दो साल पहले सुभाष नगर की रहने वाली विधि से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया और करीब डेढ़ साल पहले उनका तलाक हो गया था।

तलाक के बाद तनाव में रहने की बात

परिजनों के अनुसार, तलाक के बाद से शुभम तनाव में रहने लगा था। करीब दो महीने पहले वह काम करने के लिए दिल्ली चला गया था। तीन दिन पहले वह नौचंदी थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी स्थित अपने चाचा राकेश के घर आया था।

बहन को रात में भेजा मैसेज

परिजनों ने बताया कि बुधवार देर रात करीब 3:30 बजे शुभम ने अपनी बहन कोमल को व्हाट्सऐप मैसेज भेजा। इसमें उसने फंदा लगाकर जान देने की बात कही थी। बहन ने मैसेज सुबह देखा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

चाचा ने कमरे में देखा शव

गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे चाचा राकेश कमरे में पहुंचे तो शुभम का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों के बताए घटनाक्रम और तलाक के बाद तनाव में रहने की जानकारी सामने आई है। मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button