अंबेडकरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए अंबेडकरनगर में मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मतदान से पहले बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियां निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना कर दी गईं। जिले के नौ मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को 2,891 शिक्षक मतदाता वोट डालेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।
रवानगी से पहले कार्मिकों को दी गई चुनावी जिम्मेदारी की ब्रीफिंग
कलेक्ट्रेट सभागार में पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पहले ब्रीफिंग हुई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान निर्धारित नियमों और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कराया जाए।
उन्होंने सभी कार्मिकों को समयबद्धता, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा। साथ ही किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
मतदान सामग्री के साथ केंद्रों पर पहुंचीं पार्टियां
ब्रीफिंग के बाद पोलिंग पार्टियों को आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई। कार्मिकों को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और सभी जरूरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अंबेडकरनगर में शिक्षक निर्वाचन के लिए नौ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 2,891 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।









