शाहजहांपुर में घर से कचरा अलग करने का संदेश

स्वच्छता ही सेवा अभियान में नगर पालिका की टीम ने वार्डवासियों से किया संवाद, गीले-सूखे कचरे के साथ स्वास्थ्य और विशेष अपशिष्ट अलग रखने की दी जानकारी

अंबेडकरनगर। स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत बुधवार को नगर पालिका परिषद अकबरपुर के वार्ड शाहजहांपुर में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में घर से ही कचरे का पृथक्करण करने पर जोर दिया गया। नगर पालिका की आईईसी टीम और ट्रेनिंग पार्टनर मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर कचरा प्रबंधन की जानकारी दी।

चार रंगों के डिब्बों से आसान होगा कचरे का अलगाव

जागरूकता टीम ने नागरिकों को कचरे की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग डिब्बों में रखने की जानकारी दी।

हरा डिब्बा गीले कचरे के लिए बताया गया। इसमें फल-सब्जियों के छिलके, बचा भोजन और बगीचे का कचरा रखने की जानकारी दी गई।

नीला डिब्बा सूखे कचरे के लिए है। इसमें कागज, कांच, प्लास्टिक, धातु, गत्ता और पैकेजिंग सामग्री रखने को कहा गया।

लाल डिब्बे में इस्तेमाल किए गए मास्क, दस्ताने, नैपकिन, डायपर और सैनिटरी पैड जैसे स्वास्थ्य संबंधी कचरे को रखने की जानकारी दी गई।

काले डिब्बे में रसायन, पेंट, बैटरियां, इलेक्ट्रॉनिक कचरा और सिरिंज जैसे विशेष देखभाल वाले अपशिष्ट को अलग रखने के बारे में बताया गया।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/jalalpur-seva-ki-kahani-abhiyan-beneficiaries-dialogue/

डोर-टू-डोर वाहन को अलग-अलग दें कचरा

नगर पालिका की टीम ने वार्डवासियों से घर में ही कचरा अलग करने की अपील की। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन आने पर संबंधित श्रेणी का कचरा अलग-अलग देने की जानकारी दी गई।

अभियान का उद्देश्य स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण के प्रति लोगों को जागरूक करना और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button