राजभर का सपा-कांग्रेस पर हमला

बोले- यूपी में सपा का वजूद खत्म करना चाहती है कांग्रेस

  • 172 सीटों की मांग पर कसा तंज
  • अखिलेश को मुस्लिम मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की दी चुनौती
  • बीएलओ की भूमिका और आरक्षण के मुद्दे पर भी रखी बात

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। शुक्रवार को अंबेडकरनगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस की ओर से सपा से 172 विधानसभा सीटें मांगने की चर्चा पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को 200 से अधिक सीटों की मांग करनी चाहिए थी। राजभर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सपा का राजनीतिक अस्तित्व खत्म करना चाहती है।

सीटों की लड़ाई में बढ़ेगी सपा-कांग्रेस की दूरी?

राजभर ने दावा किया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस को इतनी सीटें नहीं देंगे। इससे दोनों दलों के बीच टकराव बढ़ सकता है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के साथ कांग्रेस की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि अब उत्तर प्रदेश में सपा को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि, कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे पर किसी अंतिम निर्णय की पुष्टि नहीं हुई है। राजभर का बयान ऐसे समय आया है, जब 2027 के चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के बीच संभावित गठबंधन और सीटों की हिस्सेदारी पर चर्चा राजनीतिक रूप से अहम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button