- 97 इंटर्न चिकित्सकों ने लिया हिस्सा
- एमबीबीएस और एफएमजी इंटर्न शामिल
- चिकित्सा नैतिकता पर दिया गया मार्गदर्शन
- एनएमसी दिशा-निर्देशों की जानकारी
अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अंबेडकरनगर में नवागत इंटर्न चिकित्सकों के लिए एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य इंटर्न चिकित्सकों को अस्पताल की व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली, चिकित्सा नैतिकता और मरीज केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में कुल 97 इंटर्न चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। इसमें 89 एमबीबीएस इंटर्न और 8 विदेशी चिकित्सा स्नातक (एफएमजी) इंटर्न शामिल रहे।
इंटर्नशिप को जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण चरण बताया
कार्यक्रम का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश यादव ने किया। उन्होंने इंटर्न चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि इंटर्नशिप केवल चिकित्सा ज्ञान को व्यवहार में लाने का समय नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन और चिकित्सकीय जिम्मेदारी को समझने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने इंटर्न चिकित्सकों से बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने और संस्थान की कार्यप्रणाली के अनुरूप जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
अस्पताल की व्यवस्थाओं और एनएमसी दिशा-निर्देशों की दी जानकारी
कार्यक्रम में इंटर्न चिकित्सकों को इंटर्नशिप की प्रक्रिया, अस्पताल की विभिन्न इकाइयों, आपातकालीन सेवाओं, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, चिकित्सा अभिलेखों के रखरखाव और प्रभावी संवाद कौशल के बारे में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों और मरीजों की सुरक्षा व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में चिकित्सकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
वरिष्ठ चिकित्सकों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. उमेश वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पटेल, ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद यादव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकुल सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।









