अंबेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है, जहां कार्यकर्ता ही सबसे महत्वपूर्ण है। पार्टी में किसी कार्यकर्ता को कब कौन-सा बड़ा दायित्व मिल जाए, यह पहले से बताना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, समय आने पर उसे पूरा करने का प्रयास करती है।
डॉ. धर्मेंद्र सिंह जलालपुर और कटेहरी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित भाजपा के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों की बैठकों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कार्यकर्ताओं से इन्हें जनता तक पहुंचाने की अपील की।
पोखरण परमाणु परीक्षण का किया जिक्र
डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने 1962 के भारत-चीन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय चीन के कब्जे वाली भारतीय भूमि को लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कथित तौर पर कहा था कि वहां घास तक नहीं उगती। इसके जवाब में एक सांसद ने सवाल उठाया था कि यदि किसी के सिर में बाल नहीं हैं तो क्या उसका सिर ही काटकर अलग कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने उसी दौर में भारत को शक्तिशाली राष्ट्रों की कतार में खड़ा करने का संकल्प लिया था। उनके अनुसार, 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 24 दलों की गठबंधन सरकार बनने के बाद पोखरण परमाणु परीक्षण कर भारत की सामरिक ताकत का प्रदर्शन किया गया।
धारा 370 और राम मंदिर का भी किया उल्लेख
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने धारा 370 और राम मंदिर जैसे कठिन तथा देश की अस्मिता से जुड़े मुद्दों को सुलझाकर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम करती है।
उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों पर परिवारवाद और जाति-धर्म के आधार पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उनके मुताबिक, भाजपा में कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाती है और संगठन की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता हैं।









