अम्बेडकरनगर। धान खरीद के भुगतान में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक 77 वर्षीय किसान के नाम पर कथित तौर पर फर्जी बैंक खाता खोलकर धान बिक्री के 1 लाख 23 हजार रुपये दूसरे खाते में भेज दिए गए। किसान को इसकी भनक तक नहीं लगी। भुगतान नहीं मिलने पर जानकारी जुटाई तो खाते के कथित फर्जीवाड़े का पता चला। पीड़ित ने अब जिलाधिकारी से शिकायत कर पूरे मामले की जांच और अपना पैसा वापस दिलाने की मांग की है।
50 क्विंटल धान बेचा, भुगतान दूसरे खाते में चला गया
मालीपुर थाना क्षेत्र के घुरहूपुर गांव निवासी विजय बहादुर सिंह के मुताबिक, उन्होंने मंडी समिति सिझौली के क्रय केंद्र संख्या-05 पर 50 क्विंटल 40 किलो धान बेचा था। इसके बदले उन्हें 1 लाख 23 हजार रुपये का भुगतान मिलना था। आरोप है कि भुगतान उनके वास्तविक बैंक खाते में भेजने के बजाय फिनो बैंक की शहजादपुर-अब्दुल्लापुर शाखा में खोले गए कथित फर्जी खाते में भेज दिया गया।
बुजुर्ग के आधार पर खाता, मोबाइल नंबर किसी और का
किसान का आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना आधार कार्ड का इस्तेमाल कर बैंक खाता खोला गया। इस खाते में अमित कुमार साहू नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया। किसान का कहना है कि उन्होंने न तो ऐसा कोई खाता खुलवाया और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपने नाम पर खाता खोलने की अनुमति दी थी।









