- दो हजार रुपये छीनने की शिकायत
- विरोध करने पर मारपीट का दावा
- स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
- आईजीआरएस के जरिए एसपी से लगाई गुहार
अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में एक दलित युवक ने दो लोगों पर मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी करने और नकदी छीनने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
मजदूरी कर लौटते समय रोकने का आरोप
देवरायपुर (पीठापुर सरैया) निवासी अनिल कुमार के अनुसार, 8 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहा था। आरोप है कि पीठापुर सरैया स्थित शराब के ठेके के पास अमित यादव और नीरज धुरिया ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और उसकी जेब में रखे दो हजार रुपये छीन लिए।
विरोध पर मारपीट, जान बचाकर भागने का दावा
शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि वह किसी तरह मौके से जान बचाकर भागा। घटना के बाद उसने स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
साइकिल मिलने का भी किया जिक्र
पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा है कि घटना के अगले दिन उसे जानकारी मिली कि उसकी साइकिल एक दुकान के पास खड़ी मिली। उसने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।









