
- ACP प्रद्युमन की मौत सिर्फ एक भ्रम? ‘CID 2’ में बड़ा ड्रामा लाने की तैयारी
- TRP में गिरावट से चिंतित मेकर्स ने रचा नया प्लॉट, दर्शकों के लिए लाए बड़ा सरप्राइज
- शिवाजी साटम की वापसी के साथ CID की कहानी में आएगा तूफान, सस्पेंस से भरपूर एपिसोड्स की तैयारी
मुबई। टीवी की दुनिया के सबसे लंबे चलने वाले क्राइम शो ‘CID’ का नया संस्करण ‘CID 2’ अब एक दिलचस्प मोड़ की ओर बढ़ रहा है। दर्शकों की रूचि को फिर से जगाने के लिए मेकर्स ने अब एक बड़ा ट्विस्ट तैयार किया है — ACP प्रद्युमन की कथित ‘मौत’।
लंबे समय तक इस किरदार को निभाने वाले शिवाजी साटम अब ‘CID 2’ में दोबारा लौट चुके हैं। लेकिन अब शो में दिखाया जाएगा कि उनका किरदार एक हादसे का शिकार होकर मारा गया है। हालांकि, चैनल से जुड़े सूत्रों की मानें तो यह ‘मौत’ महज एक प्लॉट ट्विस्ट है — दरअसल ACP प्रद्युमन मरे नहीं हैं।
सूत्र ने बताया, “यह सिर्फ एक सस्पेंस एंगल है। दो हफ्तों के भीतर ACP की वापसी होगी और यह कहानी को एक नया मोड़ देगा।”
TRP में गिरावट, कहानी में ट्विस्ट जरूरी
‘CID 2’ ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया था और OTT प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड भी किया। लेकिन टीवी पर शो की पकड़ धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो अन्य लोकप्रिय शोज़ की तुलना में TRP रेस में पिछड़ गया है।
इस गिरती लोकप्रियता को देखते हुए शो के निर्माताओं ने दर्शकों को बांधे रखने के लिए एक बड़ा झटका देने का फैसला किया है — वही चेहरा, वही आवाज़, लेकिन एक नई गुत्थी के साथ।
25 साल की विरासत, नई टीम की तैयारी
1998 में लॉन्च हुआ ‘CID’ 2018 तक दर्शकों का चहेता रहा। ACP प्रद्युमन, इंस्पेक्टर दया और अभिजीत जैसे किरदार आज भी लोगों की यादों में बसे हुए हैं। अब इस आइकॉनिक शो को बनिजे एशिया द्वारा एक नए अंदाज़ में दोबारा पेश किया जा रहा है।
इस सीज़न में जहां आदित्य श्रीवास्तव (अभिजीत) और दयानंद शेट्टी (दया) की मौजूदगी दर्शकों को पुरानी यादें दिला रही है, वहीं चर्चा है कि ‘कसौटी जिंदगी की 2’ फेम पार्थ समथान भी जल्द ही इस टीम में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।








