कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर सुबह करीब 6 बजे एक एलपीजी (LPG) टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और टैंकर आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में टैंकर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पांच टोल कर्मचारी झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। आग बुझने के बाद जब राहत टीम टैंकर के अंदर पहुंची तो चालक का शव पूरी तरह जल चुका था और केवल हड्डियों का कुछ हिस्सा ही बरामद हो सका।
हादसे के दौरान टोल प्लाजा के यार्ड में खड़ी 16 बाइकें और दो कारें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। शुरुआती सूचना में चालक के टैंकर से कूदकर बच निकलने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में उसकी मौत की पुष्टि हुई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सुरक्षा के मद्देनजर टोल प्लाजा के दोनों ओर बसों, ट्रकों और कारों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









