-
मैक्सवेल पर लगा IPL कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने का आरोप, जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट का सामना
-
गुस्से में स्टेडियम प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने पर मैक्सवेल पर हुई कार्रवाई
-
मुल्लांपुर मैच के बाद मैदान के बाहर भड़के मैक्सवेल, BCCI ने लगाया जुर्माना
मुल्लांपुर में सोमवार को खेले गए IPL मुकाबले के बाद पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल पर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। उन्हें IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 (लेवल 1) के तहत दोषी पाया गया है। इसके चलते BCCI ने उन पर मैच फीस का 25% जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट लगाया है।
हालांकि BCCI ने जुर्माने की स्पष्ट वजह नहीं बताई, लेकिन माना जा रहा है कि आउट होने के बाद मैक्सवेल गुस्से में स्टेडियम की किसी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया था।
खराब प्रदर्शन के बाद गुस्से में दिखे मैक्सवेल
मैच में ग्लेन मैक्सवेल का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। वो महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। आउट होने के बाद वह ड्रेसिंग रूम लौटते समय काफी गुस्से में नजर आए और उसी दौरान उन्होंने मैदान की प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया।
पंजाब ने दर्ज की जीत, CSK को 18 रन से हराया
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219/6 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 201/5 तक ही पहुंच सकी और मैच 18 रनों से हार गई।
इस सीजन का दूसरा मामला, इशांत शर्मा पर भी लग चुका है जुर्माना
ग्लेन मैक्सवेल से पहले गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए एक मैच में इशांत शर्मा भी इसी नियम के तहत दोषी पाए गए थे। इशांत ने खराब बॉलिंग के बाद गुस्से में स्टंप पर पैर मार दिया था। इसके चलते उन पर भी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया था।
इस सीजन में अब तक फ्लॉप रहे हैं मैक्सवेल
ग्लेन मैक्सवेल का IPL 2025 में प्रदर्शन अब तक काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने अब तक 3 पारियों में सिर्फ 31 रन बनाए हैं और एक भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। पिछले सीजन में भी उनका फॉर्म खराब रहा था, जहां वह 9 पारियों में केवल 52 रन ही बना सके थे।








