मुज़फ्फरनगर में युवक की गला घोंटकर हत्या

दोस्त गिरफ्तार; पत्नी से अवैध संबंध का शक

मुज़फ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की उसके ही दोस्त ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे आरोपी और मृतक की पत्नी के बीच कथित अवैध संबंध का मामला सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, 20 जून को मृतक रोहित के बेटे का जन्मदिन था। उसी रात आरोपी राहुल उसे पार्टी के बहाने घर से बाहर ले गया और जंगल में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने वहां शराब पी, जिसके बाद आरोपी ने गमछे से रोहित का गला घोंट दिया और शव को नाले में फेंककर फरार हो गया।

अगली सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रोहित शाहजुड्डी गांव का रहने वाला था और प्राइवेट काम करता था। उसके परिवार में पिता, पत्नी और दो साल का बेटा है। घटना वाले दिन घर पर बेटे का जन्मदिन मनाया गया था।

परिजनों के अनुसार, रात में रोहित को उसके दोस्त राहुल का फोन आया था। वह उसे जन्मदिन की पार्टी देने की बात कहकर बाहर ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button