-
वर्चस्व को लेकर सोशल साइंस डिपार्टमेंट और हॉस्टल के छात्रों में झड़प
-
मौके पर जुटे 100 से ज्यादा छात्र, एक पुलिसकर्मी भी घायल
-
बलरामपुर अस्पताल में भर्ती किए गए घायल छात्र
लखनऊ विश्वविद्यालय में बुधवार को उस समय तनाव फैल गया जब छात्रों के दो गुट वर्चस्व को लेकर आमने-सामने आ गए। झड़प इतनी बढ़ गई कि चार छात्रों के सिर फट गए और एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। हिंसा पर काबू पाने के लिए PAC के जवान बुलाने पड़े।
बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लखनऊ विश्वविद्यालय के सोशल साइंस डिपार्टमेंट और महमूदाबाद हॉस्टल से जुड़े छात्रों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। शुरुआती विवाद के बाद एक छात्र को घेर कर पीटने की घटना हुई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। दूसरे गुट के छात्र भी आ गए और देखते ही देखते मौके पर 100 से ज्यादा छात्र जमा हो गए।
कैंपस से लेकर हनुमान सेतु तक छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन हिंसा में शिवम कुमार सिंह, आलोक मिश्रा, लक्ष्य दुबे समेत कई छात्र घायल हो गए। घायलों को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए PAC के जवानों को परिसर में तैनात कर दिया गया। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने तत्काल आपात बैठक बुलाई, जिसमें विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस चौकी प्रभारी भी शामिल हुए।








