
- हादसे के वक्त क्लब में पार्टी जोरों पर थी, लोग म्यूज़िक पर झूम रहे थे, तभी एक तेज़ धमाके के साथ छत ढह गई और देखते ही देखते जश्न का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
मरने वालों में डोमिनिकन गणराज्य की कई नामचीन हस्तियां भी शामिल हैं, जबकि घायल हुए लोगों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मृतकों की पहचान में देरी के चलते शवों की शिनाख्त के लिए परिवारजन श्मशानगृह और अस्पतालों के बाहर घंटों से इंतजार कर रहे हैं, वहीं सरकार ने पीड़ितों की सहायता के लिए विशेष आयोग गठित किया है।
सांतो डोमिंगो । राजधानी के एक प्रसिद्ध नाइटक्लब में मंगलवार रात भीषण हादसा हो गया, जब म्यूजिक और डांस के बीच अचानक क्लब की छत गिर गई। इस भयावह दुर्घटना में अब तक 184 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। कई लोग अभी भी लापता हैं और परिजन श्मशान गृह और अस्पतालों के बाहर अपनों की तलाश में भटक रहे हैं।
हादसे में कई चर्चित चेहरे भी मारे गए
इस हादसे में मशहूर मेरेन्गे गायक रुबी पेरेज़ और पूर्व MLB पिचर ओक्टेवियो डोटेल की मौत की भी पुष्टि हो चुकी है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, कुछ शव इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं कि उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। शवों की पहचान के लिए श्मशानगृह में नाम पढ़कर सुनाए जा रहे हैं ताकि परिवार के सदस्य अपनों की पुष्टि कर सकें।
अंतरराष्ट्रीय रेस्क्यू टीमें कर रही राहत कार्य
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों को गति देने के लिए अमेरिका और इज़राइल से विशेष रेस्क्यू टीमें बुलवाई गई हैं। डोमिनिकन स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि अभी भी 20 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से आठ की हालत नाजुक बनी हुई है।
सरकार ने घोषित किया राष्ट्रीय शोक
इस त्रासदी ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। डोमिनिकन सरकार ने हादसे को लेकर राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है और पीड़ित परिवारों की मानसिक व सामाजिक सहायता के लिए विशेष आयोग गठित किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने नाइटक्लब की सुरक्षा और स्ट्रक्चरल ऑडिट पर भी जांच के आदेश दिए हैं।
परिजन अस्पतालों और शवगृहों के चक्कर काटने को मजबूर
घायलों और मृतकों के परिवारों की हालत बेहद खराब है। कई परिजन राजधानी के विभिन्न अस्पतालों और शवगृहों में अपनों की तलाश में दिन-रात चक्कर लगा रहे हैं। कुछ का अब भी अपने लापता परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है।








