तलाक के बाद विवाहिता को बंधक बनाकर जलाने की कोशिश का आरोप

पति, ननद और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता को तलाक के बाद बंधक बनाकर जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, ननद और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दहेज में 10 लाख की मांग का आरोप

पीड़िता तबस्सुम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 18 फरवरी 2018 को शाहे आलम के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष 10 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा।

तबस्सुम के अनुसार मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका स्त्रीधन और मोटरसाइकिल बिना अनुमति के बेच दी गई।

तलाक के बाद भी रखा बंधक

पीड़िता ने बताया कि 12 अप्रैल को पति ने उसकी इच्छा के खिलाफ तलाक दे दिया। इसके बावजूद उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान लगातार प्रताड़ना जारी रही।

मारपीट के बाद जलाने का प्रयास

तबस्सुम के मुताबिक 16 अप्रैल को उसे और उसके आठ वर्षीय बेटे को पीटा गया। इसके बाद दोनों को एक कमरे में बंद कर आग लगाने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिससे उनकी जान बच सकी।

घायल महिला का चल रहा इलाज

घटना में घायल महिला का इलाज मायके पक्ष की ओर से कराया जा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके जेवर भी छीन लिए और उसे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जैतपुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति शाहे आलम, ननद सरीफुलनिशा और ससुर सेराज अहमद के खिलाफ प्रताड़ना, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button