NDRF जुटी रेस्क्यू में- लेकिन मलबे में अब भी फंसी हैं कई ज़िंदगियाँ

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ, जब करीब ढाई बजे एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 से अधिक लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय करीब 22 से ज्यादा लोग इमारत में मौजूद थे। अब तक 14 लोगों को मलबे से निकालकर जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया। मौके पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और दिल्ली पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

तेज आंधी-तूफान बना हादसे की वजह!

डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने जानकारी दी कि रात करीब 2:50 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तो पाया गया कि पूरी इमारत ढह चुकी है और लोग मलबे में फंसे हैं। पुलिस के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात दिल्ली में अचानक मौसम बिगड़ गया था। तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण कई इलाकों में नुकसान हुआ, और संभावना जताई जा रही है कि इसी कारण इमारत भी धराशायी हो गई।

स्थानीय विधायक ने MCD को ठहराया जिम्मेदार

मुस्तफाबाद से विधायक और दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे के लिए नगर निगम (MCD) को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि वह पहले ही इस इमारत को खतरनाक घोषित कर प्रशासन को चेतावनी दे चुके थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बिष्ट ने यह भी बताया कि इलाके में कई जर्जर और अवैध इमारतें मौजूद हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने मृतकों के परिवार को मुआवजा देने का भी ऐलान किया है।

दिल्ली में एक हफ्ते में दूसरी इमारत गिरी

गौरतलब है कि इससे पहले 11 अप्रैल को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार में भी इसी तरह का हादसा हुआ था, जहां एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार तेज आंधी के कारण गिर गई थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई थी और दो लोग घायल हो गए थे।

पूर्वी दिल्ली के एडीसी विनीत कुमार ने बताया था कि हादसे के समय तेज धूल भरी आंधी चल रही थी, जिसकी वजह से निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढह गई। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Related Posts

असम में सियासी बयानबाजी तेज, गोगोई ने सीएम सरमा पर साधा निशाना

गौरव गोगोई का सीएम हिमंता पर तीखा हमला ‘हिंदू सर्टिफिकेट’ टिप्पणी पर विवाद 22 फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे भूपेन बोरा गुवाहाटी। Gaurav Gogoi ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस…

Continue reading
10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव

10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव 12 सीटें एनडीए, 25 विपक्ष के पास महाराष्ट्र में 7, तमिलनाडु में 6 सीटों पर मतदान नई दिल्ली। Election…

Continue reading