
कानपुर। कानपुर के चर्चित किडनी कांड मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अफजाल को अदालत से बड़ा झटका लगा है। कानपुर कोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज कर दी है, जिसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।
कोर्ट में झूठा दावा, पुलिस जांच में खुली सच्चाई
मेरठ निवासी अफजाल ने अपनी जमानत याचिका में दावा किया था कि वह कभी कानपुर नहीं आया, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि वह बिठूर रोड तिराहे के पास स्थित सत्यम होटल में ठहरा था। पुलिस को इसके ठोस साक्ष्य भी मिले हैं।
अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा
यह पूरा मामला 30 मार्च को सामने आया था, जब केशवपुरम स्थित आहूजा हॉस्पिटल में अवैध रूप से किडनी खरीद-फरोख्त और ट्रांसप्लांट का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि यह एक संगठित रैकेट था, जिसमें कई अस्पताल और दलाल शामिल थे।
इस मामले में मुजफ्फरनगर की पारुल तोमर और बिहार के बेगूसराय निवासी आयुष के इलाज के जरिए किडनी ट्रांजैक्शन का खुलासा हुआ था।
कई डॉक्टर और स्टाफ पहले ही गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आहूजा हॉस्पिटल के संचालक डॉ. सुरजीत आहूजा, उनकी पत्नी डॉ. प्रीति आहूजा, दलाल शिवम अग्रवाल उर्फ काड़ा सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इसके अलावा प्रिया हॉस्पिटल के संचालक नरेंद्र सिंह, मेड लाइफ हॉस्पिटल के राम प्रकाश, ओटी टेक्नीशियन, चालक और अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।









