-
मेरठ में आंधी-बारिश से दो मकान ढहे, एक महिला और बच्ची की मौत
-
लखनऊ में तूफान से सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल गिरे, रास्ते बंद
-
मौसम विभाग ने 14 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया
मेरठ/लखनऊ/भोपाल। उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश के कारण दो मकान ढह गए। इन हादसों में एक महिला और उसकी 9 माह की बच्ची की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। वहीं, लखनऊ में शनिवार तड़के 3 बजे आए तूफान ने शहर में तबाही मचा दी। सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे कई रास्ते बंद हो गए और आवागमन प्रभावित हुआ। इधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए देश के 14 राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य भारत में गर्म हवाओं का कहर, तापमान 44 डिग्री के पार
राजस्थान और गुजरात से आई गर्म हवाओं का असर मध्य प्रदेश में साफ देखा जा रहा है। शुक्रवार को पहली बार इस सीजन में तापमान 44°C के पार पहुंचा। खजुराहो, गुना और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म स्थान रहे। मौसम विभाग ने शनिवार को 42.5°C और रविवार को 43.1°C तापमान के अनुमान के साथ पांच जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में ओलावृष्टि से नुकसान
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश से कई घरों को नुकसान पहुंचा है। इस प्राकृतिक आपदा के चलते कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार से जारी भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।








