लखनऊ। लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक हिमालय गौतम की मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और किसान नेताओं ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी, एक करोड़ रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान हाईवे जाम करने का प्रयास भी किया गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए 158 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, यातायात बाधित करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 8 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 150 अन्य लोगों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात सड़क हादसे में मंडोली गांव निवासी 26 वर्षीय हिमालय गौतम की मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचने की सूचना मिली, भारतीय किसान यूनियन (हिंदुस्तान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद सलमान अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद किसान नेताओं और परिजनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी थार चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। सूचना मिलने पर मलिहाबाद के एसडीएम अंकित मौर्य मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। किसान नेताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा। उन्होंने नियमानुसार हरसंभव सहायता और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए हिमालय गौतम के शव को वैकल्पिक मार्ग से मंडोली गांव पहुंचाया, जहां पुलिस की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार कराया गया।









