
- वर्षों से जमे जर्जर प्रचार बोर्ड हटे, अब हर गली-मोहल्ले में दिखेगी स्वच्छता और व्यवस्था
- अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह की अगुवाई में चला विशेष सफाई अभियान
- बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापनों पर चेतावनी, अगली बार होगी कानूनी कार्रवाई
अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने रविवार को नगर क्षेत्र में अवैध, जर्जर और पुराने होल्डिंग्स, विज्ञापन बैनर तथा प्रचार बोर्ड हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टॉप और सार्वजनिक स्थलों से 50 से अधिक अनधिकृत होल्डिंग्स को हटाया गया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में नगर विकास विभाग की एक बैठक में सभी नगर निकायों को नगरों में लगे अवैध विज्ञापनों और पुराने होल्डिंग्स को तत्काल हटाने के आदेश दिए थे। इसके बाद अकबरपुर नगर पालिका ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष सफाई अभियान शुरू किया।
नगर पालिका की टीम ने चौराहों और बाजारों से हटाए अवैध बोर्ड
अभियान के तहत नगर पालिका की प्रवर्तन एवं सफाई टीम ने शहर के मुख्य मार्गों, सरकारी भवनों के आसपास और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से पुराने, जीर्ण-शीर्ण और बिना अनुमति वाले विज्ञापन बोर्ड हटाए। कई स्थानों पर महीनों से लटके हुए अप्रासंगिक विज्ञापनों को भी साफ किया गया।
नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी श्रीमती बीना सिंह ने स्वयं अभियान की निगरानी की और कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “यह अभियान मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार नगर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलाया गया है। भविष्य में कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के विज्ञापन न लगाए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
नागरिकों ने की सराहना, मांगी निरंतरता
नगरवासियों ने इस अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से कई स्थानों पर अवैध होल्डिंग्स लगे थे, जो गंदगी और दृश्य प्रदूषण का कारण बन रहे थे। उन्होंने मांग की कि यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाए ताकि शहर की साफ-सफाई और सुंदरता बनी रहे।
“नगर की सुंदरता हम सभी की जिम्मेदारी” – अधिशाषी अधिकारी
अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा, “नगर की स्वच्छता और सौंदर्य केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। हम सभी से अनुरोध है कि विज्ञापन लगाने से पहले अनुमति लें और नियमों का पालन करें।”








