
- शो के झगड़े ने लिया हिंसक मोड़, सोशल मीडिया पर उग्र हुए फैंस
- स्क्रीन पर बहस, ऑफ-स्क्रीन धमकी – रियलिटी शो में बढ़ा बवाल
- आसिम के समर्थन में सामने आई गैंगस्टर जैसी धमकी, रुबीना ने दी चेतावनी
नई दिल्ली। टीवी रियलिटी शो बैटलग्राउंड के सेट पर हुआ विवाद अब एक खतरनाक मोड़ ले चुका है। शो की शूटिंग के दौरान रुबीना दिलैक और आसिम रियाज के बीच हुई तीखी बहस के बाद अब रुबीना के पति और अभिनेता अभिनव शुक्ला को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आसिम रियाज और अभिषेक कुमार के बीच झगड़े के दौरान जब रुबीना बीच-बचाव करने आईं, तो आसिम उनसे भी उलझ पड़े और पर्सनल कमेंट कर बैठे। इस कारण सेट पर माहौल इतना बिगड़ गया कि मेकर्स को शूटिंग रोकनी पड़ी।
अभिनव को मिली धमकी, रुबीना ने कहा – “सब्र की परीक्षा मत लो”
घटना के बाद रुबीना ने सोशल मीडिया पर कुछ मैसेजेस के स्क्रीनशॉट साझा किए, जिनमें उनके पति अभिनव को धमकी दी गई है। एक मैसेज में लिखा गया – “मैं लॉरेंस का बंदा हूं, तेरा एड्रेस पता है, आ जाऊं क्या घर गोली मारने?” धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया और कहा कि आसिम के खिलाफ बोलने पर अंजाम भुगतना होगा। रुबीना ने पोस्ट में लिखा – “मेरा सब्र मेरी कमजोरी नहीं है। मेरे सब्र की परीक्षा मत लो।” वहीं, अभिनव शुक्ला ने भी धमकियों के स्क्रीनशॉट साझा करते हुए चिंता जताई कि क्या किसी शो में मतभेद के कारण अब इस तरह की धमकियां आम हो जाएंगी?
आसिम रियाज बोले – “मैंने स्क्रिप्ट को लात मारी”
इस पूरे विवाद के बीच आसिम रियाज ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी में शो को स्क्रिप्टेड बताया और मीडिया को ‘पेड’ कहकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा – “मैं तब ही जाता हूं, जब मैं फैसला करता हूं… चिल्लाते रहिए कि निकाल दिया गया। मैंने स्क्रिप्ट को लात मारी और गेम पलट दिया।” इसके साथ उन्होंने मिडिल फिंगर वाला इमोजी भी पोस्ट किया।
सूत्रों के अनुसार, झगड़े के बाद आसिम ने गुस्से में शो छोड़ने की बात कही और मेकर्स की तमाम कोशिशों के बावजूद वे नहीं माने। हालांकि मेकर्स अब भी चाहते हैं कि वो शो का हिस्सा बनें, लेकिन आसिम की सोशल मीडिया पोस्ट से साफ है कि वो वापसी के मूड में नहीं हैं।
पहले भी शो से निकाले जा चुके हैं आसिम
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब आसिम रियाज किसी शो से विवाद के चलते बाहर हुए हों। खतरों के खिलाड़ी 14 की शूटिंग के दौरान भी रोमानिया में शालीन भानोट और अभिषेक कुमार से झगड़े के चलते उन्हें शो से निकाल दिया गया था। इतना ही नहीं, उन्होंने शो के होस्ट रोहित शेट्टी से भी बहस कर दी थी। आसिम को बिग बॉस 13 से बड़ी पहचान मिली थी। शो में उनकी और सिद्धार्थ शुक्ला की दोस्ती और टकराव खूब सुर्खियों में रहा था। शो में वह रनर-अप रहे थे और बाद में कई म्यूजिक एल्बम्स में नज़र आए।








