नगर कीर्तन के साये में अलगाववाद- क्या शांतिपूर्ण रहा आयोजन

  • मंदिर की दीवारों पर ‘फ्री पंजाब’ के नारे, पुलिस सतर्क
  • नगर कीर्तन से पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश!
  • वैंकूवर में गुरुद्वारे को भी बनाया गया निशाना

अमृतसर।  कनाडा के सरे शहर में स्थित प्रतिष्ठित लक्ष्मी नारायण मंदिर की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने से सनसनी फैल गई है। यह घटना ऐसे समय पर सामने आई जब शहर में वार्षिक बैसाखी नगर कीर्तन का आयोजन होना था। मंदिर की बाहरी दीवारों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’, ‘फ्री पंजाब’ सहित कई भड़काऊ नारे स्प्रे पेंट से लिखे गए।

मंदिर प्रशासन ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी और तत्काल FIR दर्ज कराई गई। पुलिस ने इसे संभावित घृणा अपराध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की एक सोची-समझी साजिश हो सकती है।

रात को की गई हरकत, सुबह हुआ खुलासा

मामला 19 अप्रैल की रात का बताया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन ने सुबह जब मंदिर की दीवारों पर नारे देखे तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके ठीक अगले दिन यानी 20 अप्रैल को नगर कीर्तन का आयोजन प्रस्तावित था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई। पुलिस के अनुसार, मंदिर पर भड़काऊ नारे लिखना जानबूझकर धार्मिक आयोजन से पहले अशांति फैलाने की कोशिश हो सकती है। हालांकि, तमाम सुरक्षा बंदोबस्त और प्रशासन की सजगता के चलते नगर कीर्तन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

वैंकूवर में भी गुरुद्वारे की दीवारों पर ग्रैफिटी

इसी तरह की एक और घटना वैंकूवर के रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारे में सामने आई, जहां दीवारों पर खालिस्तान समर्थक संदेश लिखे गए। गुरुद्वारा प्रबंधन ने जांच में सहयोग देने की बात कही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं या नहीं। लेकिन पुलिस इन्हें एक ही साजिश का हिस्सा मानकर भी जांच कर रही है।

Back to top button