NEET-UG 2026 पेपर लीक पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला

पूछा- शिक्षा मंत्री को क्यों नहीं हटाया?

Rahul Gandhi ने रविवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री Narendra Modi से सवाल किया कि बार-बार पेपर लीक होने के बावजूद शिक्षा मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि NEET 2026 का पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द करनी पड़ी और मामले की जांच फिर से CBI को सौंपी गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार फेल हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर चुप है।

उन्होंने लिखा, “मोदी जी, देश आपसे जवाब मांग रहा है। बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? इस ‘परीक्षा पे चर्चा’ पर आप चुप क्यों हैं?”

पेपर लीक मामले में 9वीं गिरफ्तारी

इधर, NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में Central Bureau of Investigation (CBI) ने नौवीं आरोपी मनीषा मंधारे को गिरफ्तार कर राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने बॉटनी टीचर मनीषा मंधारे को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

CBI ने पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मंधारे को दिल्ली स्थित मुख्यालय में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।

पेपर सेटिंग कमेटी में शामिल थी आरोपी

जांच एजेंसी के मुताबिक, मनीषा मंधारे NTA की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा रह चुकी है और उसे परीक्षा में आने वाले सवालों की जानकारी थी। आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले पुणे में विशेष कोचिंग क्लास चलाई, जहां छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के संभावित सवाल नोट करवाए गए।

लाखों रुपये लेकर पहुंचाया पेपर

CBI के अनुसार, मनीषा मंधारे और गिरफ्तार ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे ने छात्रों और उनके अभिभावकों से लीक पेपर उपलब्ध कराने के बदले लाखों रुपये वसूले। जांच में सामने आया कि मनीषा वाघमारे ने अपने संपर्कों के जरिए पेपर अन्य लोगों तक भी पहुंचाया।

कई राज्यों में छापेमारी जारी

CBI अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी ने रविवार को नांदेड़ में भी एक आरोपी के फ्लैट पर छापा मारा।

जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड और लातूर के केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में छात्रों को विशेष क्लास के जरिए वही सवाल और जवाब बताए थे, जो बाद में परीक्षा में पूछे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button