- अबीर गुलाल’ की रिलीज पर खतरा मंडराया, पहलगाम हमले के बाद जनता में गुस्सा
- वाणी कपूर ने जताया दुःख, लेकिन फिल्म पर बैन की मांग पर साधी चुप्पी
- फिल्म इंडस्ट्री दो हिस्सों में बंटी, पाक कलाकारों को लेकर फिर छिड़ी बहस
नई दिल्ली। बीते मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस जघन्य वारदात में आतंकियों ने धर्म के नाम पर 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी, जिससे पूरे देश में गुस्से और शोक की लहर दौड़ गई।
वाणी कपूर की प्रतिक्रिया: ‘मैं स्तब्ध और हताश हूं’
इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर बॉलीवुड एक्ट्रेस वाणी कपूर भी आलोचना के घेरे में आ गई हैं, खासकर उनकी आने वाली फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को लेकर, जिसमें वह पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान के साथ नजर आने वाली हैं।
विवादों के बीच वाणी कपूर ने अपनी चुप्पी तोड़ी और इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए पहली बार इस आतंकवादी हमले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा: “जब से पहलगाम हमले की खबर सुनी है, तब से मैं स्तब्ध हूं। मेरे पास कहने को शब्द नहीं हैं और मैं पूरी तरह से हताश हूं। मेरी प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है।”
हालांकि, वाणी ने फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को लेकर उठ रही बैन की मांग पर कोई टिप्पणी नहीं की।
‘अबीर गुलाल’ पर संकट के बादल
पहलगाम की घटना के बाद देश में पाकिस्तानी कलाकारों और उनके साथ की जा रही फिल्मों के खिलाफ गुस्सा फिर से उभर कर सामने आया है। इसी लहर में फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ भी आ गई है। FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी और IFTDA (इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन) के अध्यक्ष और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने फिल्म को भारत में रिलीज़ न करने और प्रतिबंधित करने की मांग की है। इस विवाद के बीच ये फिल्म 9 मई को वैश्विक स्तर पर रिलीज़ होने जा रही है, लेकिन भारत में इसकी रिलीज़ पर अब बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।








