
- शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
- पत्नी रेनू पर प्रेमी संग मिलकर हत्या का शक
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट में फांसी की पुष्टि
मुरादाबाद। मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र की मझोली गली नंबर एक में रहने वाले राजीव का शव संदिग्ध हालात में उसके किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला। राजीव के भाई राकेश कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसमें राजीव की पत्नी रेनू और उसका प्रेमी शामिल हैं।
राकेश ने बताया कि रेनू बीते कुछ दिनों से परिवार को राजीव के लापता होने की जानकारी दे रही थी, जबकि शव उसी घर के भीतर मौजूद था। शव मिलने के बाद कुछ देर तक रेनू वहीं रही, लेकिन हत्या के आरोप लगने पर वह मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगने की पुष्टि हुई है। एसपी सिटी रण विजय सिंह ने बताया कि घटना की जांच फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और सभी कोणों से तहकीकात जारी है।
शादी के सात साल बाद अलग रहने लगे थे
करीब सात वर्ष पहले राजीव की शादी रेनू से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं — एक पांच साल का बेटा और एक तीन साल का छोटा बेटा। राकेश ने बताया कि शादी के बाद से ही रेनू और राजीव के बीच विवाद होते रहे। रेनू के किसी युवक से कथित संबंध थे, जिसके चलते दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। बाद में राजीव ने अलग मकान किराए पर लेकर रहना शुरू कर दिया था। वह एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री में चेकर के तौर पर काम कर रहा था।







