- ACB ने मनीष सिसोदिया व सत्येंद्र जैन पर दर्ज किया भ्रष्टाचार का केस
- क्लासरूम निर्माण में 2000 करोड़ का घोटाला उजागर
- ठेका पार्टी से जुड़े 34 ठेकेदारों को दिए गए
नई दिल्ली। दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तथा पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन पर एक बड़े निर्माण घोटाले का आरोप लगा है। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) की जांच में सामने आया है कि दिल्ली सरकार के कार्यकाल के दौरान स्कूलों और क्लासरूम्स के निर्माण में करीब 2000 करोड़ रुपए का वित्तीय गड़बड़ी की गई।
जांच के अनुसार, 12,748 कक्षाओं और भवनों के निर्माण में निर्धारित लागत से कई गुना अधिक खर्च दिखाया गया। ठेके भी ऐसे 34 ठेकेदारों को दिए गए जो सीधे तौर पर पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
ACB ने रिपोर्ट में बताया है कि कुछ कक्षाओं की लागत 5 लाख होनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें 24.86 लाख तक पहुंचा दिया गया। इसके अलावा निर्माण कार्य के लिए कंसल्टेंट और आर्किटेक्ट की नियुक्ति भी बिना प्रक्रिया के की गई, जिससे लागत में बेवजह बढ़ोतरी की गई।
बीजेपी नेताओं ने इन घोटालों पर पहले भी सवाल उठाए थे। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने 2019 में ही स्कूल निर्माण में भारी अनियमितताओं की शिकायत की थी। इसके अलावा भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना और विधायक कपिल मिश्रा ने भी AAP पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।
ACB ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 17-A के तहत अनुमति मिलने के बाद FIR दर्ज की है। इस मामले में जांच एजेंसियां संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।







