
कानपुर। कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा के एक छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शास्त्री नगर निवासी अनिकेत उर्फ समीर सैनी (17) के रूप में हुई है। पुलिस को छात्र के आईपैड कवर में रखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने ब्लैकमेलिंग से परेशान होने की बात लिखी है।
सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा है कि उसे मोहल्ले का एक लड़का ब्लैकमेल कर रहा था और इसी कारण वह यह कदम उठा रहा है। उसने एक लड़की को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले के लिए आरोपी युवक को जिम्मेदार ठहराया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, समीर बुधवार शाम कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। कोचिंग टीचर के फोन करने पर परिजनों को जानकारी हुई, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन थाने पहुंचे।
गुरुवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर कपड़ों और पहचान चिन्हों के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई।









