हापुड़ में 50 हजार का इनामी गो-तस्कर एनकाउंटर में ढेर

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार देर रात पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश हसीन को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। हसीन के खिलाफ गो-तस्करी और पुलिस पर फायरिंग के कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी

रविवार रात डॉयल 112 पर सूचना मिली कि कुछ गो-तस्कर पशुओं को गाड़ी में भरकर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और कपूरपुर के सपनावत गांव में कार सवार बदमाशों की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते ही हसीन ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।

आठ राउंड फायरिंग में सिर में लगी गोली, मौके पर ढेर

करीब 8 राउंड फायरिंग के दौरान हसीन के सिर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे धौलाना सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

संभल का रहने वाला था हसीन, 24 से अधिक मुकदमे दर्ज

29 वर्षीय हसीन पुत्र इकरार मूल रूप से संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मैनोटा गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। हसीन के पास से स्विफ्ट डिजायर कार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि पिछले 38 दिनों में प्रदेश में 11 बदमाश एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।

मुजफ्फरनगर में पुलिस पर की थी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, तीन दिन पहले हसीन ने मुजफ्फरनगर के शाहपुर में पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। इसके बाद से पश्चिम यूपी में उसकी तलाश तेज कर दी गई थी। हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र में भी पांच महीने पहले वह गोकशी के मामले में नामजद था और तब से फरार चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button